फोटो-1-बलरामपुर के तुलसीपुर में स्थित गैड़हवा, यहीं पर होगा फायर स्टेशन का निर्माण।-संवाद
- फोटो : 1
बलरामपुर। तुलसीपुर क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और जनसुरक्षा को मजबूत करने के लिए 9.95 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए परियोजना तैयार की गई है। केंद्र परिसर में अग्निशमन विभाग के कार्यालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ आवासीय भवनों का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे अग्निशमन कर्मियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और आपात स्थिति में घटनास्थल पर पहुंचने में देरी नहीं होगी।
वर्तमान में तुलसीपुर क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अग्निशमन विभाग की उपलब्ध व्यवस्थाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। क्षेत्र में बढ़ती आबादी, बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक अग्निशमन सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में आधुनिक अग्निशमन केंद्र बनने से आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को तत्काल रवाना करने में सहूलियत होगी। इससे आग से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
परियोजना में आवासीय भवनों का निर्माण भी शामिल किया गया है। इससे अग्निशमन कर्मियों को केंद्र परिसर में ही रहने की सुविधा मिलेगी। आपातकालीन सूचना मिलते ही टीम बिना अनावश्यक देरी के घटनास्थल के लिए रवाना हो सकेगी। कार्यालय और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में होने से विभागीय कार्यों के संचालन में भी आसानी होगी। इससे अग्निशमन सेवा की कार्यक्षमता और तत्परता बढ़ने की उम्मीद है।
निर्माण की गुणवत्ता पर रहेगी नजर
अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड (भवन), लोक निर्माण विभाग अर्पित कुमार ने बताया कि तुलसीपुर में आधुनिक अग्निशमन केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। इसमें विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यालय और अन्य सुविधाओं के साथ आवासीय भवनों का भी निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाएगा। साथ ही परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।