फोटो-25- तुलसीपुर में घटना के बाद रोते बिलखते पति व बच्चे। संवाद
तुलसीपुर। क्षेत्र में शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। इलाज कराकर घर लौट रहे परिवार की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सात माह की गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पति और दो बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
क्षेत्र के जल्लहिया बेली गांव निवासी जगदंबा प्रसाद अपनी पत्नी हीरामणि (35) को इलाज के लिए तुलसीपुर लाए थे। उनके साथ बाइक पर सात वर्षीय बेटा अमन और 12 वर्षीय बेटी सुमन भी सवार थे। परिजनों के अनुसार हीरामणि सात महीने की गर्भवती थी। परिवार ने पहले एक निजी नर्सिंग होम में इलाज कराया, फिर नई बाजार चौक स्थित दुकान पर पहचान पत्र में सुधार कराने गए। इसके बाद सभी ने देवीपाटन मंदिर में दर्शन भी किए। दोपहर बाद परिवार बाइक से घर लौट रहा था तभी बैरागी पुरवा स्थित एक मैरिज हॉल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक चला रहे जगदंबा प्रसाद और दोनों बच्चे सड़क की दूसरी ओर जा गिरे और घायल हो गए। वहीं हीरामणि सीधे ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। रोते-बिलखते पति जगदंबा प्रसाद ने बताया कि पत्नी को डॉक्टर को दिखाने और इलाज के लिए तुलसीपुर लाया था। दो महीने बाद घर में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जानी थीं, लेकिन एक ही पल में सब खत्म हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।