बलरामपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर धाम तुलसीपुर में रोडवेज बस अड्डा न होने के मामले का संज्ञान मुख्यमंत्री कार्यालय ने लिया है। 18 मार्च 2025 को अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता के साथ उठाया था। इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने संदर्भ संख्या-12182250043086 से रोडवेज बस अड्डा निर्माण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश देते हुए जिम्मेदारों से रिपोर्ट मांगी है।
क्षेत्रीय प्रबंधक देवीपाटन क्षेत्र अरविंद कुमार ने अमर उजाला को पंजीकृत डाक के माध्यम से पूरी जानकारी भेजी। उन्होंने भेजी रिपोर्ट में बताया कि अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके आधार पर ही तुलसीपुर में बस अड्डा निर्माण की प्रक्रिया शुरु की गई है। स्थल का चयन कर 22 मार्च को निरीक्षण किया गया। बताया कि देवीपाटन मंदिर धाम के पास स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तुलसीपुर के परिसर में रोडवेज बस अड्डा निर्माण की जमीन चिन्हित कर ली गई है। रोडवेज बस अड्डा के भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने उल्लेख किया है कि खबर की कटिंग पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन ने प्रबंधक निदेशक परिवहन निगम से वर्तमान स्थिति के बारे में रिपोर्ट मांगी थी। 28 मार्च को अमर उजाला कार्यालय को भेजी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि शासन को बस अड्डे के निर्माण का प्रस्ताव भेज दिया गया है। उम्मीद है कि अब जल्द ही निर्माण शुरु हो सकेगा।