बलरामपुर। कोरोना वैश्विक महामारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ अब फ्रंट लाइन वर्करों का भी टीकाकरण शुरू हो गया है। 922 फ्रंट लाइन वर्करों को कोरोना टीका लगाने के लिए जिले में 10 स्थानों पर 11 टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जाएगा। टीकाकरण की निगरानी के लिए सभी स्थानों पर प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अब फ्रंट लाइन वर्करों का भी टीकाकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में 22 फरवरी को जिले में फ्रंट लाइन वर्करों के लिए टीकाकरण दिवस का आयोजन किया जाएगा। एसएसबी मुख्यालय बलरामपुर में दो तथा पुलिस लाइन, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, पीएचसी जोकहिया, सीएचसी उतरौला, सीएचसी रेहरा बाजार, सीएचसी शिवपुरा, सीएचसी तुलसीपुर, सीएचसी गैसड़ी एवं सीएचसी पचपेड़वा में एक-एक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन स्थानों पर कुल 922 फ्रंट लाइन वर्करों को कोविशील्ड अथवा कोवैक्सीन टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण के लिए सभी टीकाकरण स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन पहुंचा दी गई है। टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, एसीएमओ डॉ. एके सिंघल, डिप्टी सीएमओ डॉ. अरुण कुमार व डिप्टी सीएमओ डॉ. रविनंदन त्रिपाठी के अतिरिक्त सीएमएस व चिकित्सा अधीक्षकों के साथ पुलिस व प्रशासन के नोडल अधिकारी टीकाकरण स्थलों की निगरानी के लिए मौजूद रहेंगे।