बलरामपुर। जिले के सभी 14 कोतवाली व थानों की पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। दो व चार पहिया वाहनों पर मानक से अधिक सवारी न बैठाने, ट्रिपलिंग न करने और बिना मास्क व हेलमेट के दो पहिया वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने बिना मास्क वाले 85 बाइक सवारों से 94,100 रुपये का जुर्माना वसूला। इस दौरान लोगों को कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए सामाजिक दूरी का पालन, सार्वजनिक स्थलों पर जाते समय मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने, साबुन से बार-बार हाथ धोने आदि के बारे में सलाह दी गई।
मंगलवार व शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के दौरान सभी दुकानों व प्रतिष्ठानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया। बंदी के दौरान दुकानों व प्रतिष्ठानों के खुले पाए जाने पर कोविड-19 महामारी के तहत कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।