बलरामपुर। पंचायत चुनाव लड़ने वाले 816 दावेदारों ने बुधवार को पर्चा खरीदा है। छुट्टी के दिन भी ब्लॉकों पर नामांकन पत्र खरीदने वाले दावेदारों में जोश दिखा। जिला पंचायत सदस्य के लिए कोई भी दावेदार पर्चा खरीदने नहीं आया।
जिले के नौ ब्लॉकों पर ग्राम प्रधान पद के लिए 77, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 82 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 657 नामांकन पत्रों की ब्रिकी की गई है। एडीओ पंचायत सदर अशोक कुमार दूबे ने बताया कि सदर ब्लॉक में ग्राम प्रधान पद के लिए 14, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 125 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 6 पर्चे बिके हैं।
एडीओ पंचायत रेहरा बाजार सुरेश चौधरी ने बताया कि प्रधान पद के लिए 9, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 19 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 6 पर्चे दावेदारों ने खरीदे हैं। उतरौला ब्लॉक में ग्राम प्रधान के लिए 7, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 66 व बीडीसी के लिए 9 और गैड़ास बुजुर्ग में ग्राम प्रधान के लिए 6, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 30 व क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 6 पर्चे बेचे गए है।
एडीओ पंचायत बाबूराम पांडेय ने बताया कि श्रीदत्तगंज ब्लॉक में ग्राम प्रधान पद के लिए 5, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 88 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 21 पर्चो की बिक्री हुई है। एडीओ पंचायत तुलसीपुर कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम प्रधान पद के लिए 8, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 38 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 7 दावेदारों ने पर्चा खरीदा है।
बीडीओ हरैया सतघरवा सागर सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान पद के लिए 12, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 69 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 7 पर्चे बिके हैं। बीडीओ अनुज कुमार सक्सेना ने बताया कि पचपेड़वा में ग्राम प्रधान के लिए 6, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 97 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 10 पर्चे बेचे गए हैं। एडीओ पंचायत गैसड़ी राधेश्याम ने बताया कि ग्राम प्रधान पद के लिए 10, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 125 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 10 नामांकन पत्र बेचे गए हैं।