बलरामपुर। प्रशिक्षण से नदारद रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। जिले के पांच स्थानों पर बुधवार को तीसरे दिन भी 1750 मतदान कार्मिकों को चुनाव कराने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण स्थलों पर भीड़ जुटने से कर्मियों को कोरोना होने का डर सता रहा है। कई प्रशिक्षण केंद्रों पर पानी आदि की कमी से भी मतदान कार्मिकों को दिक्कतों का सामना कराना पड़ रहा है। हालांकि प्रशिक्षण केंद्रों पर कोरोना से बचाव को लेकर मास्क व सैनिटाइजर आदि का इंतजाम किया गया है। सभी कार्मिकों की थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जा रही है।
प्रभारी अधिकारी क्रामिक/ सीडीओ रिया केजरीवाल ने बुधवार को बताया कि एमपीपी इंटर कॉलेज के 19 कमरों में 700 व हाल में 100, एमएलके पीजी कॉलेज सभागार, जिला पंचायत सभागार व होटल बलरामपुर हाल में 250-250 और यूपीटी होटल हाल में 100 मतदान कार्मिकों को प्रतिदिन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में 15 हजार मतदान कार्मिक शामिल किए जाएंगे।
एमपीपी इंटर कॉलेज के 19 कमरों की सूचना डीएसटीओ संजीव कुमार, एमपीपी इंटर कॉलेज सभागार की सूचना अभियंता लघु सिंचाई अनिरुद्ध कुमार यादव, एमएलके पीजी कालेज सभागार की सूचना अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा सेल संतोष कुमार यादव, जिला पंचायत सभागार की डीपीओ केएम पांडेय, यूपीटी होटल हाल की अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी आलोक कुमार सिंह व होटल बलरामपुर हाल की कौशल विकास मिशन के एमआईएस मैनेजर गोविंद पांडेय से दोनों पालियों की रिपोर्ट मांगी गई है।
रिपोर्ट के आधार पर प्रशिक्षण से नदारद मतदान कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। 12, 13 व 14 अप्रैल को प्रशिक्षण से बिना सूचना के नदारद रहने वाले मतदान कार्मिकों का 16 अप्रैल को एमएलके पीजी कॉलेज में प्रशिक्षण कराया जाएगा। जिसमें न आने वाले मतदान कार्मिकों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में कार्रवाई की जाएगी। चौथे दिन भी इतनी ही संख्या में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले मतदान कार्मिकों ने आरोप लगाया कि केंद्रों पर पानी आदि का इंतजाम न होने से उन्हें भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।