घने कोहरे से थमी वाहनों की रफ्तार
बलरामपुर। विगत दो दिन से मौसम ने करवट ले ली है। सुबह घना कोहरा तो दोपहर में निकल रही धूप ने लोगों को ठंड से कुछ राहत दी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
विदित हो कि, करीब तीन सप्ताह तक कड़ाके की सर्द हवाओं के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है। कोहरे के चलते वाहन दिन में भी हेडलाइट जलाकर बेहद कम रफ्तार में चल रहे हैं। बुधवार तथा गुरुवार को दोपहर में खिली अच्छी धूप के चलते ठंड से कुछ राहत मिली है। लोग धूप का मजा लेते हुए देखे गए। पार्कों तथा मैदानों में बच्चों ने धूप में खूब धमाचौकड़ी की। बच्चे क्रिकेट व अन्य खेलों में मशगूल दिखे। ठंड के चलते प्रशासन ने गुरुवार तक कक्षा एक से आठ तक विद्यालय भी बंद कर रखे थे। शुक्रवार को सभी स्कूल फिर से खुलेंगे। लोगों का कहना है कि, दो दिन से हो रही अच्छी धूप को देखते हुए आगामी दिनों में मौसम सामान्य होने की संभावना बढ़ गई है।