बलरामपुर। जिले के 730 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों को रोशन करने की योजना तैयार की गई है। मिशन कायाकल्प से सभी स्कूलों में बिजली कनेक्शन कराया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने तीनों तहसीलों के एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन को विद्युतीकरण कराने वाले स्कूलों की सूचना भेजी है। मार्च के अंत तक छूटे हुए परिषदीय स्कूलों में बिजली कनेक्शन जोड़ने के साथ बाकी बचे 689 स्कूलों में मीटर लगाने की योजना तैयार की गई है। स्कूलों में विद्युत कनेकश्न होने से नौनिहालों को पढ़ने के समय भीषण गर्मी से अब जूझना नहीं पड़ेगा।
जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों में 1837 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग ने बिना बिजली कनेक्शन वाले 730 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों के विद्युतीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए स्कूलों का ब्योरा जुटाया गया है। वहीं जिले में 418 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूल मीटर के साथ बिजली से रोशन हैं तथा विद्युतीकरण होने के बाद भी जिले के 689 स्कूलों में अभी तक मीटर नहीं लगे हैं। इन स्कूलों में मीटर लगवाने की कवायद भी शुरू की गई है।
शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार में कुल 153 स्कूल हैं। छह स्कूलों में मीटर लगा है जबकि 119 स्कूलों में मीटर नहीं लगा है। शिवपुरा शिक्षा क्षेत्र में 279 की तुलना में 69 स्कूलों में मीटर लगा है जबकि 33 में मीटर नहीं लगे हैं। शिक्षा क्षेत्र उतरौला में 127 के सापेक्ष 13 स्कूल मीटर से लैस हैैं जबकि 41 स्कूलों में मीटर नहीं है। शिक्षा क्षेत्र श्रीदत्तगंज में 146 की तुलना में छह स्कूलों में मीटर लगे हैं जबकि 67 बिना मीटर के हैं। सदर शिक्षा क्षेत्र के 252 की तुलना में 178 स्कूल में मीटर है जबकि 39 बिना मीटर के हैं।
पचपेड़वा शिक्षा क्षेत्र में 232 की तुलना में 15 स्कूलों में मीटर है जबकि 137 में मीटर नहीं है। शिक्षा क्षेत्र तुलसीपुर में 251 की तुलना में 57 स्कूलों में मीटर लगे हैं जबकि 55 में मीटर लगाना है। गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के 259 स्कूलों की तुलना में मीटर वाले 48 स्कूल हैं और बिना मीटर वाले 144 स्कूल हैं। शिक्षा क्षेत्र गैड़ास बुजुर्ग में कुल 115 स्कूल हैं जिसमें पांच मीटर वाले हैं और 54 बिना मीटर वाले हैं। नगर में 23 स्कूल हैं जिसमें 21 मीटर वाले हैं। वहीं दो स्कूलों में बिजली कनेक्शन होना है। डीसी निर्माण एनके सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों की सूची तैयार करके बिजली विभाग को भेजी गई है।
यहां इतने स्कूलों में होगा विद्युतीकरण
जिले के 730 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों में मार्च के अंत तक विद्युतीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। शिक्षा क्षेत्र रेहरा बाजार में 28, शिवपुरा में 177, उतरौला में 73, श्रीदत्तगंज में 73, सदर में 35, पचपेड़वा में 80, तुलसीपुर में 139, गैसड़ी में 67, गैड़ास बुजुर्ग में 56 व नगर में दो स्कूलों का विद्युतीकरण कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से जिले के तीनों तहसीलों के बिजली विभाग के एक्सईएन को रिपोर्ट भेजी गई है।
मार्च के अंत तक पूरी हो जाएगी प्रक्रिया
बीएसए डॉ. रामचंद्र की तरफ से तीनों तहसीलों के एक्सईएन को बिना मीटर के स्कूलों की सूची उपलब्ध कराई गई है। मिशन कायाकल्प योजना के तहत सभी एक्सईएन को समय से कार्य पूरा कराने को कहा गया है। - ललित कुमार, अधीक्षण अभियंता पावर कार्पोरेशन