बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की तरफ से शनिवार को भारत बौद्धिक परीक्षा कराई गई। परीक्षा में 72 विद्यार्थी शामिल हुए।
स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के छात्रों के लिए आयोजित इस परीक्षा में भारतीय ज्ञान परंपरा, सामाजिक और सांस्कृतिक इतिहास के साथ सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। इसमें 80 बहुविकल्पीय प्रश्नों के साथ एक निबंधात्मक प्रश्न भी शामिल था। इस परीक्षा केंद्र पर कुल 86 छात्र पंजीकृत थे, इनमें से 72 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 14 छात्र अनुपस्थित रहे।
एलबीएस महाविद्यालय गोंडा के प्रो. अरविंद शर्मा ने ऑब्जर्वर के रूप में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय ने कहा कि इस तरह की परीक्षाएं छात्रों को भारतीय इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करती हैं। छात्र अपने देश की सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं।
परीक्षा के सफल आयोजन में समन्वयक प्रो. श्रीप्रकाश मिश्र, डॉ. सुनील कुमार शुक्ल, डॉ. आलोक शुक्ल, डॉ. लवकुश पांडेय, डॉ. सदगुरु प्रकाश, डॉ. प्रखर त्रिपाठी व डॉ. एसके त्रिपाठी आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।