तुलसीपुर-बलरामपुर। स्वॉट टीम ने तुलसीपुर नगर में भारी मात्रा में नेपाली शराब पकड़ी है। स्वॉट टीम ने दो लोगों को 1350 नेपाली शराब की शीशियों के साथ धर दबोचा है। नेपाली शराब जब्त कर कार्रवाई की गई है।
स्वॉट टीम के प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने बीते दिन बताया कि तुलसीपुर थाना क्षेत्र के भवनियापुर के पास मुखबिर की सूचना पर चेकिंग लगाई गई। चेकिंग के दौरान एक लाख रुपये अंतर्राष्ट्रीय कीमत वाली 1350 नेपाली शराब की बोतलों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामले की सूचना तुलसीपुर थाने को दी गई है। तुलसीपुर थाने की पुलिस ने शराब जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर थाना वकील पांडेय ने बताया कि स्वॉट टीम की तरफ से गिरफ्तार किए गए शादाब व नईमा को सुपुर्द किया गया है।
दोनों लोग भवनियापुर में रखकर शराब की बोतलें बेच रहे थे। मौके पर शराब बेचने के संबंध में दोनों लोग कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर शराब की बोतलें जब्त कर ली गई है।