मुठभेड़ में जमकर फायरिंग, कोतवाल और बदमाश घायल
बलरामपुर। पिपराघाट कटरा मोड़ के पास सुनसान इलाके में बने एक मकान में मौजूद बदमाशों से हुई मुठभेड़ में पुलिस ने चार शातिरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से हुई जमकर फायरिंग में कोतवाल व एक बदमाश घायल हो गए हैं।
घटना में पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बदमाशों का एक साथी फरार हो गया है। इनके पास से तीन तमंचा, पांच कारतूस व एक चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी बदमाशों को जेल भेज दिया है।
एसपी प्रमोद कुमार ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात गश्त कर रहे उतरौला कोतवाली के सिपाही राजकरन यादव व पंकज तिवारी ने कोतवाल संतोष सिंह को सूचना दी कि पिपराघाट कटरा मोड़ के पास एकांत में बने मकान में बदमाशों का गैंग मौजूद है।
इन बदमाशों ने टोका टाकी करने पर सिपाहियों के ऊपर फायरिंग भी किया है। कोतवाल सूचना मिलते ही दल बल के साथ बदमाशों को पकड़ने पहुंच गए। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से करीब 20 राउंड गोलियां चली। घटना में उतरौला कोतवाल व एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। पुलिस ने घेराबंदी कर मकान में छिपे घायल बदमाश व उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
घायल बदमाश की पहचान भोला उर्फ फिरोज निवासी ग्राम बड़ेहरा थाना नबाबगंज जनपद बहराइच के रूप में हई। इसके साथियों की पहचान कौशल उर्फ रमन निवासी ग्राम मकनपुर थाना रुपईडीहा बहराइच, मोने लोध निवासी ग्राम हरमिनिया जिला बांके नेपाल तथा शैलून निवासी ग्राम सलकपा थाना खैरीघाट बहराइच के रूप में हुई है।
यह चारो गिरोह बंद बदमाश हैं और इनके खिलाफ तमाम आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। घायल कोतवाल व बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी उतरौला में भर्ती कराया गया है। दोनों के पैर में गोली लगी है।
बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। गैंग का एक सदस्य मौके से फरार हो गया। डीआईजी गोंडा एके राय ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।