बलरामपुर। मनरेगा योजना के माध्यम से जिले में राशन की 75 आदर्श दुकानों का निर्माण होगा। नौ विकास खंडों की 25 ग्राम पंचायतों में इन दुकानों का निर्माण कार्य शुरू भी हो गया है। अन्नपूर्णा दुकानों के बतौर बनने वाले ऐसी हर दुकान दुकान का क्षेत्रफल 484 वर्ग फुट होगा। ऐसी प्रत्येक दुकान बनाने पर मनरेगा के माध्यम से 8.50 लाख रुपये का खर्च आएगा। साथ ही मनरेगा के पांच हजार जॉब कार्डधारक श्रमिकों को इससे रोजगार भी मिलेगा।
राशन की दुकानों में आसानी से खाद्यान्न पहुंचाने और उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में संचालित राशन दुकानों को अपग्रेड कर अन्नपूर्णा (आदर्श दुकान) के निर्माण का फैसला किया है। जिले में भी इस योजना के तहत 75 अन्नपूर्णा दुकानों का निर्माण होगा। यह निर्माण कार्य मनरेगा योजना के माध्यम से कराया जाना है। जिले के नौ विकासखंडों में 71 तथा नगर निकायों में एक-एक आदर्श उचित दर की दुकान का निर्माण होना है। इसके तहत बलरामपुर ब्लॉक, तुलसीपुर व गैसड़ी ब्लाॅक में नौ-नौ तथा हरैया सतघरवा ब्लॉक, पचपेड़वा, उतरौला, रेहरा बाजार एवं श्रीदत्तगंज में आठ-आठ व गैड़ासबुजुर्ग ब्लॉक में चार आदर्श राशन की दुकानें बनेगी।
इसी तरह नगर पालिका बलरामपुर, नगर पालिका उतरौला, नगर पंचायत तुलसीपुर व नगर पंचायत पचपेड़वा क्षेत्र में एक-एक दुकान का निर्माण होगा। उचित दर की इन आदर्श राशन दुकानों में कार्डधारियों को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), जनरल स्टोर, बिजली, पानी व नगर निकाय के बिल जमा करने के साथ ही ई-स्टाम्प की ख्ररीद व माइक्रो एटीएम की भी सुविधा भी मुहैया होगी।
उपायुक्त श्रम रोजगार सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि उचित दर की आदर्श दुकानों का निर्माण कराने के लिए एसडीएम व बीडीओ की मदद से जमीन चिन्हित की जा रही है। 25 ग्राम पंचायतों में इनका निमार्ण कार्य शुरू भी हो गया है। अन्य गांवों में भी दुकान के निर्माण कार्य के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। जमीन मिलते ही यहां भी निर्माण कार्य शुरू होगा।