गैसड़ी। थारू समाज की परंपराओं, संस्कृति, कला और शिक्षा को प्रोत्साहन देने के लिए रविवार से विशुनपुर विश्राम, इमिलिया कोड़र व पचपेड़वा में थारू महोत्सव शुरू हुआ है। थारू जनजातीय समाजोत्थान समिति द्वारा आयोजित महोत्सव में सोमवार को बाइक रैली और खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद राम शिरोमणि वर्मा व क्षेत्रीय विधायक राकेश कुमार यादव शामिल हुए।
बाइक रैली बिशनपुर विश्राम से शुरू होकर चंदनपुर, भुसरपुरई, भगवानपुर, सोनपुर होते हुए कोहरगड्डी चौराहे तक पहुंची और फिर वापस कार्यक्रम स्थल विशुनपुर विश्राम में खत्म हुई। रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। 700 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने कबड्डी, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। थारू जनजातीय समाजोत्थान समिति द्वारा आयोजित थारू महोत्सव एक अक्तूबर तक चलेगा।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य थारू समाज की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए नई पीढ़ी को उसकी जड़ों से जोड़ना है। मौके पर समिति के सचिव मंगल प्रसाद राना, अजय प्रताप थारू, कौशलेंद्र प्रताप चौधरी, अशोक कुमार, ग्राम प्रधान नीलम देवी, आलोक, बैजनाथ, राकेश, रूपेश आदि मौजूद रहे। महोत्सव में शिक्षा, खेल, कला और सामाजिक सेवा में योगदान देने वाले समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाएगा। बुधवार को महोत्सव का समापन होगा।