फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: 70 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित, नकल के आरोपों से घिरे कॉलेज भी सूची में

Tue, 27 Oct 2026 11:27 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में 70 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें पिछले वर्ष नकल कराने के आरोपों से घिरे रहे दो इंटर कॉलेजों को भी केंद्र बनाए जाने की चर्चा है। इनमें से एक कॉलेज में पिछली बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल कराने का वीडियो सामने आया था। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल पहुंचने और नकल कराने के आरोपों के बाद मामले की जांच हुई थी और एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
विज्ञापन

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची ऑनलाइन जारी कर दी है। सूची में विद्यालयों के साथ परीक्षार्थियों के आवंटन का विवरण भी उपलब्ध कराया गया है। केंद्र निर्धारण को लेकर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक 28 अक्तूबर तक साक्ष्यों के साथ ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

पिछली बोर्ड परीक्षा के दौरान एक इंटर कॉलेज में नकल कराए जाने का मामला सामने आया था। आरोप था कि एक परीक्षार्थी ने परीक्षा केंद्र के भीतर नकल कराने का वीडियो बनाया था। इस प्रकरण में परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल पहुंचने से प्रवेश द्वार पर तलाशी और निगरानी की व्यवस्था पर भी सवाल उठे थे। मामले की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
विज्ञापन


अब इसी कॉलेज को दोबारा परीक्षा केंद्र बनाए जाने की चर्चा ने विवाद खड़ा कर दिया है। दूसरे कॉलेज को लेकर भी नकल से संबंधित शिकायतों की चर्चा है। हालांकि, इन दोनों कॉलेजों की स्थिति और प्रस्तावित सूची में उनके शामिल होने को लेकर अंतिम निर्णय आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही स्पष्ट होगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि अभी प्रस्तावित सूची पर आपत्तियां मांगी जा रही हैं। आपत्तियों और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही परीक्षा केंद्रों को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

आपत्तियों के बाद तय होंगे केंद्र

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी प्रस्तावित सूची पर 28 अक्तूबर तक आपत्तियां प्राप्त होने के बाद उनका परीक्षण किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक छह नवंबर तक जिला केंद्र निर्धारण समिति की संस्तुति सहित रिपोर्ट बोर्ड को भेजेंगी। इसके बाद संशोधित सूची जारी होगी। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 27 नवंबर तक जारी किए जाने का कार्यक्रम है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आपत्तियों के परीक्षण के दौरान पिछली परीक्षा में नकल से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रहे कॉलेजों के संबंध में क्या निर्णय लिया जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें