बलरामपुर। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की जाएगी। इसके तहत जिले में 6422 महिलाओं को एचपीवी का टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया है। 31 दिसंबर तक लक्ष्य पूरा करना है। दूसरे चरण के अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया गया था। इसके तहत मुख्य रूप से 14 वर्ष की किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस का टीका निशुल्क लगाया जाता है। यह टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से बचाव में मदद करता है। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। अब अभियान के दूसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी गई है। राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्त ने अभियान चलाने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा है।
पहले चरण में 42988 बालिकाओं को लग चुका टीका
14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में चलाए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान के पहले चरण में 42988 किशोरियों का टीकाकरण किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तीन महीने तक चले अभियान में 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 27830 बालिकाओं और नौ से 13 वर्ष आयु वर्ग की अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति की 15158 बालिकाओं को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित था। दोनों श्रेणियों में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत किशोरियों का टीकाकरण किया गया।