बलरामपुर। कोरोना टीकाकरण के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को बैठक हुई। इसमें टीकाकरण की तैयारियों पर चर्चा की गई। 11, 12 व 18 फरवरी को अस्पतालों में टीकाकरण सत्र आयोजित कर 6225 फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
बैठक में सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य कर्मियों के बाद पुलिस, एसएसबी, होमगार्ड व नगर निकाय के फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। 11 फरवरी को 2055, 12 फरवरी को 2056 एवं 18 फरवरी को 2114 फ्रंट लाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
सभी विभागों के अधिकारियों को अपने स्तर से फ्रंट लाइन वर्कर को टीकाकरण की जानकारी दिए जाने के लिए सूचना दे दी गई है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम श्रुति ने कहा कि टीका पूरी तरह सुरक्षित है। किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है। डीएम ने टीकाकरण के लिए नियुक्त पुलिस, स्वास्थ्य एवं प्रशासन के नोडल अधिकारियों को टीकाकरण स्थल पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने स्तर से कर्मचारियों को सूचित किए जाने का निर्देश भी दिया।
बैठक में एसपी हेमंत कुटियाल, एडीएम अरुण कुमार शुक्ल, एएसपी अरविंद मिश्र, अपर सीएमओ डॉ. एके सिंघल, एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, मुख्य प्रतिरक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुुमार, सभी एसडीएम, सभी सीओ एवं सभी ईओ नगर निकाय के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।