बलरामपुर के लालाजोत में एसआईआर का फार्म भरते बीएलओ। स्रोत विभाग
बलरामपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1724 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं। अब तक बीएलओ एप के माध्यम से 5,66,201 फॉर्म का सत्यापन करके मिलान कर चुके हैं। बाकी बचे वोटरों का चार दिसंबर तक गणना प्रपत्र से मतदाता सूची का मिलान कराना है।
जिले में अब तक 35.77 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र से मिलान किया जा चुका है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 172 सुपरवाजइर की निगरानी में 1724 बीएलओ एसआईआर में प्रपत्र का मिलान कराने में जुटे हैं। चार दिसंबर तक 64.23 फीसदी वोटरों का एसआईआर में प्रपत्र का मिलान कराना है। डीसी मनरेगा/सुपरवाइजर सुशील अग्रहरि ने बुधवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 200 लालाजोत में एसआईआर गणना प्रपत्र भरवाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में वोटरों का गणना प्रपत्र से मिलान करके एसआईआर फाॅर्म भरवाया गया है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति राय ने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र में 434 बीएलओ एसआईआर गणना प्रपत्र भरवाने में जुटेहैं। सदर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार शाम चार बजे तक 31.16 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्रों से मिलान कराया जा चुका है। यहां चार दिसंबर तक 68.84 फीसदी वोटरों का मिलान करना बाकी है। उतरौला विधानसभा क्षेत्र में 463 बीएलओ एसआईआर गणना प्रपत्र भरवाने में जुटे हैं। यहां 33.10 फीसदी वोटरों का मिलान हो चुका है, जबकि 66.90 फीदसी वोटरों का मिलान होना है।
तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र में 414 बीएलओ ने अब तक 38.14 फीसदी वोटरों का मिलान कर गणना प्रपत्र भरवा लिया है। यहां 61.86 फीसदी वोटरों का मिलान होना बाकी है। गैसड़ी विधासभा में 413 बीएलओ ने अब 41.88 फीसदी वोटरों का गणना प्रपत्र मिलान कर लिया है। यहां 58.12 फीसदी वोटरों का मिलान होना बाकी है। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 25 लाख 83 हजार 27 वोटरों का एसआईआर फॉर्म से मिलान करके भरना है। इसमें आठ लाख 53 हजार 765 पुरुषों, सात लाख 29 हजार 209 महिलाओं व 53 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।