बलरामपुर। बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए मंगलवार को जिला सेवायोजन कार्यालय में जनपद स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 56 युवाओं ने पंजीकरण कराया। निजी कंपनी के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के जरिए विभिन्न पदों पर 31 युवाओं का चयन हुआ।
रोजगार मेले में चार निजी कंपनी हाईटेक जॉब, महिंद्रा ऑटो मैन पावर सर्विसेज, अमित इंटरप्राइजेज सर्विस व हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि शामिल हुए। इन कंपनियों ने स्टोर कीपर, सुपरवाइजर, एरिया मैनेजर, कंप्यूटर ऑपरेटर व टेलीकॉलर आदि पदों के लिए युवाओं का साक्षात्कार लिया। जिला रोजगार सहायता अधिकारी आशा वर्मा ने बताया कि जिला सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत बेरोजगार युवाओं को मेले में बुलाया गया था। मेले में कुल 56 अभ्यर्थी शामिल हुए। इसमें साक्षात्कार के बाद उनकी योग्यता के अनुसार 31 युवाओं को नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया है। चयनित युवाओं को कंपनी की तरफ से प्रशिक्षण देकर नौकरी दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए मांगे रुपये
- रोजगार मेले में आई कंपनियों ने युवाओं को नौकरी देने से पहले प्रशिक्षण लेने का शर्त रखा। प्रशिक्षण के लिए गोरखपुर व लखनऊ जाने की बात बताई। जिले से बाहर प्रशिक्षण के लिए जाने पर कई युवा निराश हो गए। हरिहरगंज के सूरज तिवारी, शिवम कसौंधन व राहुल वर्मा ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधि ने प्रशिक्षण के लिए रुपये भी मांगे हैं। हम लोगों ने अपना पंजीकरण करा लिया है। कंपनी की तरफ से कॉल आने पर प्रशिक्षण के लिए जाएंगे।