बलरामपुर। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए गुरुवार को जिले के 61 स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान 5301 बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया गया। साथ ही साथ 1687 फ्रंट लाइन वर्करों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप ज्यादा से ज्यादा बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाने के लिए शुक्रवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, जिला महिला अस्पताल, सभी सीएचसी व सभी पीएचसी सहित कुल 61 स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया।
टीकाकरण सत्र में 6100 के सापेक्ष 5301 बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाया गया। जिला मेमोरियल अस्पताल में सदर विधायक पल्टूराम ने भी टीका लगवाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर सीएमएस डॉ. एके श्रीवास्तव, बृजेंद्र तिवारी, आकाश पांडेय व आशु मिश्रा आदि मौजूद रहे। वहीं 1952 के सापेक्ष 1687 फ्रंट लाइन वर्करों को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी गई। जिला कोल्ड चेन समन्वयक श्यामजी मिश्रा ने बताया कि अब तक जिले में 6800 हेल्थ केयर व फ्रंट लाइन वर्करों के साथ करीब 13000 बुजुर्ग व बीमार व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुंबई से आए 46 यात्रियों की हुई कोरोना जांच
एसीएमओ डॉ. एके सिंघल ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल व पंजाब से आने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी की जा रही है। यात्रियों का पूरा डाटा एकत्र किया जा रहा है। बुधवार को मुंबई से पनवेल एक्सप्रेस से जिले के बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे 35 यात्री तथा तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे 11 यात्रियों की कोरोना जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें कोविड प्रोटोकाल का पालन करने का निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया है।