चोरों ने छह घरों व दो दुकानों से उड़ाया लाखों का माल
तुलसीपुर-रेहरा बाजार-बलरामपुर। सर्द रात के सन्नाटे का फायदा चोर भी खूब उठा रहे हैं। चोरों ने एक ही रात में तुलसीपुर नगर व दो गांवों में छह घरों तथा दो दुकानों से लाखों का माल पार कर दिया है।
एक घर में चोरों ने परिवार के सदस्यों को कमरे में भी बंद कर दिया। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस मामलों की छानबीन में जुट गई है।
तुलसीपुर नगर स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के पास लाठ एजेंसी के मालिक अनिल कुमार लाठ ने बताया कि शुक्रवार रात उनकी एजेंसी का शटर काटकर चोर अंदर रखी एक लाख की नकदी व मेवा आदि उठा ले गए।
पीड़ित को मामले की जानकारी शनिवार सुबह हुई। इसी नगर के नई बाजार आनंद मार्ग स्कूल रोड पर आनंद अग्रवाल के गल्ले की दुकान का शटर काटकर चोर 20 हजार नकदी उठा ले गए। इन्हें भी मामले की जानकारी सुबह हुई।
पीड़ितों ने तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम अचलपुर रुपखास में शुक्रवार रात चोरों ने सूर्य प्रकाश मिश्र के घर में घुसकर उस कमरे को बाहर से बंद कर दिया जिस कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे।
दूसरे कमरे का ताला तोड़कर चोर 11 हजार नकदी और 70 हजार के जेवर उठा ले गए। इसी गांव में चोरों ने सूर्यभान मिश्र के घर में घुसकर 500 रुपये नकदी व 10 हजार के जेवर पार कर दिया। खटपट की आवाज सुनकर परिजन चिल्लाने लगे तो चोर भाग निकले।
चोरों ने पड़ोसी गांव बढ़ईपुरवा में राम नेवास के घर की खिड़की तोड़कर 9 हजार नकदी व करीब 35 हजार का जेवर पार कर दिया। पीड़ितों की सूचना पर थानाध्यक्ष जेके टंडन मामले की छानबीन कर रहे हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के कटरा शंकरनगर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने सदगुरु सोनकर के घर से करीब एक लाख का सामान उड़ा दिया। सदगुरु 10 दिन बाद बेटी की विदाई का सामान घर में रखे थे।
चोर इसी गांव के मुख्तार तथा अब्दुल हमीद के घर से भी हजारों का सामान उठा ले गए। नगर कोतवाल डॉ. उपेंद्र राय ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। छानबीन की जा रही है।