बलरामपुर। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत जिले के 661 उच्च प्राथमिक, कंपोजिट व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में मंगलवार को क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में 51,432 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थी अब ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
बीएसए शुभम शुक्ल के दिशा-निर्देशन में मंगलवार को विद्यालय स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बीएसए ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों में जिज्ञासा आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने की पहल की गई है। राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता से बच्चों में तर्कशीलता, टीम वर्क, प्रतिस्पर्धात्मक भावना व आत्म विश्वास को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। 661 विद्यालयों में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं का चयन करते हुए ग्राम प्रधान व एसएमसी अध्यक्ष की तरफ से प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
जिला समन्वयक मोहित देव ने बताया कि विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित छात्रों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा। इनकी सूची सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर उपलब्ध करा दी गई है। दो चरणों में होने वाली ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में 25 बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर विद्यार्थियों को देना होगा। सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 25 छात्रों का चयन अंतिम चरण के लिए किया जाएगा। अंतिम चरण में विजेता टीम को जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।