बलरामपुर। जिले में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत कक्षा 9 से लेकर स्नातक स्तर तक पढ़ने वाले कुल 5068 विद्यार्थियों को एक करोड़ 15 लाख 44 हजार 893 रुपये की छात्रवृत्ति राशि वितरित की गई है। इस योजना का लाभ सामान्य वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों को मिला है।
स्नातक स्तर पर सामान्य वर्ग के 20 विद्यार्थियों को 1,84,122 रुपये, जबकि एससी वर्ग के 15 विद्यार्थियों को 55,183 रुपये की सहायता राशि दी गई है। कक्षा 11 एवं 12 में सामान्य वर्ग के 1,460 विद्यार्थियों को 43,81,321 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग के 1025 छात्रों को 12,24,267 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। कक्षा 9 एवं 10 के अंतर्गत सामान्य एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 1333 विद्यार्थियों को 39,99,000 रुपये वितरित किए गए, जबकि एससी-एसटी वर्ग के 1215 छात्रों को 17,01,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र छात्र केवल धन के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे।