बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विश्वविद्यालय स्तरीय पूर्व गणतंत्र दिवस परेड चयन शिविर का आयोजन किया गया। एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित शिविर में 50 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। यहां चयनित विद्यार्थी डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में आयोजित होने वाले पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में हिस्सा लेंगे।
मुख्य अतिथि एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ के प्रोफेशनल अधिकारी रोशन सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए छह राज्यों से कुल 200 विद्यार्थियों का चयन किया जाना है। इसी क्रम में विद्यार्थियों की प्रतिभा और योग्यता परखने के लिए यह शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता, परेड कौशल, साक्षात्कार और सांस्कृतिक प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया गया। यहां से चयनित अभ्यर्थी अगले चरण में डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में आयोजित शिविर में प्रतिभाग करेंगे।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कहा कि सेवा समग्रता की ओर बढ़ने का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ाने और उसके विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक परीक्षण में स्कूल ऑफ केमिस्ट्री की डॉ. प्रेरणा त्रिपाठी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। शारीरिक परीक्षण में एनसीसी अधिकारी डॉ. देवेंद्र चौहान के साथ डॉ. मुकेश, डॉ. रीमा शुक्ला, डॉ. नीरज पांडेय, डॉ. दिलीप शुक्ला, डॉ. जेएन तिवारी तथा एमएलके पीजी कॉलेज के डॉ. अनुज और डॉ. मानसी ने सहभागिता की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव परमानंद सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. पवन कुमार मौर्य और आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. बीपी सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।