फोटो-21-बलरामपुर में नालों की सफाई करते सफाईकर्मी ।-संवाद
बलरामपुर। मानसून आने से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगर के सभी 45 बड़े और छोटे नालों की सफाई कराई जा रही है, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बताया कि प्रमुख मार्गों और वार्डों में युद्ध स्तर पर सफाई कार्य कराया जा रहा है। बड़े नालों की सफाई पूरी कर ली गई है, जबकि छोटे नालों की सफाई कराई जाएगी, इसके लिए प्रतिदिन 25 सफाई मित्रों को लगाया गया है। अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि नगर पालिका का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान जलभराव, गंदगी और उससे फैलने वाली बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रूप से सफाई कराई जा रही है, जहां हर वर्ष बारिश के समय जलभराव की समस्या सामने आती है। नगर पालिका की टीमें नालों और नालियों से सिल्ट निकालने के साथ ही निकाली गई गंदगी का तत्काल निस्तारण भी कर रही हैं। इसके लिए डंपिंग ग्राउंड तक नियमित रूप से कचरा पहुंचाया जा रहा है, जिससे सड़कों और मोहल्लों में लोगों को असुविधा न हो।