फोटो-40-बलरामपुर के गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में आयोजित बैठक में मौजूद लोग ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कर उन्हें शिक्षा, संरक्षण और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने गैड़ास बुजुर्ग विकासखंड में बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बताया कि विकासखंड की सभी 42 ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इनमें छह हॉट स्पॉट और 36 नॉन-हॉटस्पॉट ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारी रिजवान खान ने विभागीय योजनाओं और उनकी पात्रता की जानकारी दी। उन्होंने पंचायत सचिवों और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों से पात्र परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के साथ ही बाल श्रम रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
अभियान के तहत क्षेत्र की 15 दुकानों का सत्यापन किया गया। बाल श्रम मुक्त पाए गए प्रतिष्ठानों पर बाल श्रम मुक्त स्टीकर लगाए गए। बैठक में संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों और समुदाय की भागीदारी से अभियान को निरंतर जारी रखने पर जोर दिया गया।