कस्तूरबा स्कूल के संचालन का संस्था से छिना अधिकार
बलरामपुर। कस्तूरबा स्कूल के संचालन का संस्था से अधिकार छीन लिया गया है। अब बेसिक शिक्षा महकमा की तरफ से कस्तूरबा स्कूल का संचालन किया जाएगा।
शिक्षिकाओं व छात्राओं के शिकायत तथा औचक निरीक्षण के दौरान जांच में खामियां पाए जाने पर डीएम कृष्णा करुणेश के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने शनिवार को बताया कि केजीबीवी गैसड़ी नचौरा का संचालन स्वैछिक संस्था सोसाइटी फार कंप्यूटर एजुकेशन एंड डेवलपमेंट इन रुलर ऐरिया लखनऊ की तरफ से वर्ष 2007-08 से किया जा रहा है।
15 मई 2017, 16 मई 2017, 27 मई 2017, चार अगस्त 2017, 25 अगस्त 2017, 22 सितंबर 2017, 19 अप्रैल 2018 तथा तीन अगस्त 2018 को संस्था सचिव को लिखित निर्देश दिया गया लेकिन अभी तक संस्था सचिव की तरफ से स्कूल में सुधार की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया गया है और न ही कोई जवाब दिया गया है।
सात अगस्त 2018 को डीएम ने एसडीएम व तहसीलदार के माध्यम से जांच कराई। जांच के दौरान छात्राओं ने मीन्यू के अनुसार भोजन, नाश्ता, कपड़े, तेल व साबुन आदि न उपलब्ध कराने की शिकायत की। स्कूल में भारी गंदगी पाई गई।
स्कूल के स्टाफ ने मानदेय भुगतान न करने और स्कूल के संचालन में सहयोग न करने की भी शिकायत की। सभी के शिकायत को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी।
शासन व डीएम के निर्देश पर बीएसए ने संस्था से संचालन का अधिकार छीन लिया है। बीएसए की तरफ से स्कूल का संचालन किया जाएगा।