किशोरी को बंधक बनाकर गैंगरेप
बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर अगवा करने और जंगल में बंधक बनाकर एक हफ्ते तक गैंगरेप किए जाने की मामला प्रकाश में आया है।
पीड़िता की मां का आरोप है कि नामजद तहरीर देने के बावजूद तुलसीपुर थाने की पुलिस ने केवल एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा। घटना में शामिल दो अन्य युवकों को पुलिस बचाने का प्रयास कर रही है। परिवारीजनों ने एसपी से गुहार लगाई है।
एसपी को शुक्रवार को दिए गए प्रार्थना पत्र में 15 वर्षीय किशोरी की मां ने कहा है कि 10-11 जून को गांव के ही तीन युवक उसकी बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर अगवा कर ले गए।
युवकों ने किशोरी को जंगल में बंधक बनाए रखा और करीब एक हफ्ते तक उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म करते रहे। आरोपियों के चंगुल से छूटकर किशोरी घर पहुंची और आपबीती परिवारीजनों को बताया।
पीड़िता की मां ने तुलसीपुर थाने में बेटी द्वारा बताए गए तीनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने केवल एक आरोपी रहील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
आरोप है कि पुलिस घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। किशोरी ने न्यायालय में दिए गए बयान में तीनों आरोपियों के घटना में शामिल होने की बात कही है।
परिवारीजनों ने एसपी से अन्य दो आरोपियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। इस संबंध में एसपी राजेश कुमार राय ने बताया कि किशोरी ने बयान में कुल तीन युवकों के शामिल होने का खुलासा किया है।
उन्होंने तुलसीपुर थाने की पुलिस को अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का आदेश दिया है।