हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। लाइन में फाॅल्ट के कारण विद्युत उपकेंद्र बेलभरिया से जुड़े 400 गांवों में 12 घंटे बिजली गुल रही। बिजली कटौती से सवा लाख लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों को बिजली के साथ ही पेयजल समस्या से भी जूझना पड़ा।
33 केवीए गौरा लाइन में रविवार की रात 11 बजे तकनीकी गड़बड़ी के चलते विद्युत उपकेंद्र बेलभरिया से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। क्षेत्रवासी रमेश कुमार कसौंधन, सुभान रजा, आलोक कुमार मिश्र, लवकुश व शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि इस लाइन में आए दिन खराबी आती रहती है। रविवार की रात फाॅल्ट होने से ग्रामीण बाजार हरैया व बरदौलिया के साथ सहिजना, मोतीपुर, हसनापुर, नेवलगंज, बनकटवा, बरहवा, शंकरपुर व भुलभुलिया सहित करीब 400 गांवों की बिजली गुल हो गई।
बिजली कटौती से क्षेत्र के सवा लाख लोगों को अंधेरे में रात काटनी पड़ी। पूरी रात बिजली न आने से इन्वर्टर भी जवाब दे गए। सुबह बिजली न होने से पानी का मोटर भी नहीं चल सका। सुबह 11 बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इस संबंध में जेई अजीत सिंह ने बताया कि गौरा लाइन में फॉल्ट के चलते सप्लाई बंद की गई थी। फाॅल्ट दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
आज दो घंटे बंद रहेगी शहर की बिजली
बलरामपुर। 33 केवीए टाउन में मंगलवार को दो घंटे मरम्मत कार्य होने के चलते शहर व एसएसबी मुख्यालय की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। अधिशासी अभियंता बालकृष्ण ने बताया कि 21 जनवरी को दोपहर 12 से दो बजे तक मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इससे झारखंडी, वीर विनय चौराहा से चौक रोड, नगर पालिका रोड, घासमंडी, पुरैनिया तालाब, तुलसीपार्क, मोतीसागर तथा जिला पुरुष व महिला अस्पताल के साथ एसएसबी 9वीं बटालियन परिसर मुख्यालय की भी बिजली दो घंटे बंद रहेगी।