बलरामपुर। जिले के 40 डीडीसी क्षेत्रों का चालू वित्त वर्ष में 22 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। जिला पंचायत सभागार की बैठक में बुधवार को चालू वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर मोहर लगाई गई। जिला पंचायत सदस्यों ने गुपचुप तरीके से बैठक करने का आरोप लगाया है।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रामावती ने की। कहा कि सभी डीडीसी के क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए समान तरीके से धनराशि आंवटित किए जाएंगे। बैठक में मौजूद कई डीडीसी ने विकास कार्यो में अनदेखी किए जाने और पूरी सूचना न दिए जाने का आरोप लगाया। अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
बैठक का संचालन करते हुए अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशरफ अली ने कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 में 15वां वित्त आयोग के तहत टाइड व अनटाइड फंड में 1906.45 लाख रुपये आवंटित किए गए। 50 प्रतिशत धनराशि 954.25 लाख रुपये प्राप्त हो चुका है। शेष धनराशि शीघ्र मिलने वाली है। टाइड फंड के तहत 953.22 लाख स्वीकृति हुआ है जिसकी तुलना में 477.14 लाख रुपये प्राप्त हो गया है।
इस फंड से सामुदायिक शौचालयों का निर्माण व रखरखाव, किचन व बाथरूम की मरम्मत, सीवर प्रणाली का विकास, सीवेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सामुदायिक कंपोस्ट किट का निर्माण, पाइप पेयजल की सुविधा, वर्षा जल संचयन व प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट आदि कार्य कराए जाएंगे। अनटाइड फंड के तहत पंचायत घर का निर्माण, डीडीसी क्षेत्रों के सड़कों का रखरखाव, इंटरलाकिंग व नाली निर्माण आदि पर खर्च किया जाएगा।
चालू वित्त वर्ष में 40 डीडीसी क्षेत्रों में 22 करोड़ रुपये विकास कार्यो पर खर्च किए जाएंगे। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल व गैसड़ी विधायक प्रतिनिधि अजीज खां ने सभी डीडीसी को समान रुप से कार्य आवंटित किए जाने का निर्देश दिया। इस मौके पर डीडीसी पार्वती, एलीना खान, शांति, रेशमा, पुष्पा सिंह, संतोष कुमार, साधूराम यादव, मिथिलेश कुमार सिंह, महबूब आलम, कमला सिंह, जोखूराम, राम सिंगार मौर्य, शीला, प्रदीप, राम नरेश आदि मौजूद रहे।