पचपेड़वा (बलरामपुर)। औरहवा ग्राम पंचायत में प्रधान पद का मतदान कराने के लिए शनिवार को पांच पोलिंग पार्टियां भेज दी गई हैं। ग्राम प्रधान पद के नौ उम्मीदवारों की किस्मत 3855 मतदाता तय करेंगे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 9 मई को मतदान कराया जाएगा।
मतदान कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्राम प्रधान पद के एक उम्मीदवार की मौत हो जाने से यहां 26 अप्रैल को मतदान नहीं कराया गया था। 11 मई को मतगणना कराकर विजयी उम्मीदवार को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
एडीओ पंचायत पचपेड़वा संजीव कुमार कैराती ने शनिवार को बताया कि औरहवा ग्राम पंचायत में प्रधान पद एक के प्रत्याशी जलालुद्दीन रेहवर की 22 अप्रैल को आकस्मिक मौत हो गई थी जिसके चलते इस ग्राम पंचायत के प्रधान पद का मतदान रद्द कर दिया गया था। औरहवा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए बीते 26 मई को मतदान नहीं हो सका था।
जिला निर्वाचन अधिकारी / डीएम श्रुति ने मतदान कराने के लिए तिथि निर्धारित की। औरहवा ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर कुल 9 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। यहां 9 मई को मतदान कराया जाएगा। मतदान कराने के लिए पचपेड़वा ब्लॉक मुख्यालय से शनिवार को पांच पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई हैं।
मतदान कराने के लिए पांच बूथ बनाए गए है। पांचों पोलिंग बूथों पर 3855 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक मुख्यालय पर 11 मई को मतगणना कराई जाएगी और जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर विजयी उम्मीदवार को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।