देहात (बलरामपुर)। सेखुईकला गांव के पास नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित रोडवेज बस बिजली के पोल व मकान से टकरा गई। घटना में बस पर सवार दो लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली विद्या सागर वर्मा ने शनिवार को बताया कि बलरामपुर से बहराइच जा रही रोडवेज बस नेशनल हाईवे पर सेखुईकला गांव के पास ट्रैक्टर ट्रॉली को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर बिजली के पोल व मकान से जा टकराई।
घटना में बस पर सवार अड़ारपाकड़ तेंदुआ निवासी संजय मिश्र व श्रावस्ती के नई बाजार भिनगा निवासिनी कमरजहां घायल हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस पर सवार अन्य लोग बाल-बाल बच गए। रोडवेज बस व ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।