गैंसड़ी। घर-घर जाएंगे, शिक्षा का दीप जलाएंगे अभियान के तहत शिक्षा क्षेत्र गैंसड़ी में शत-प्रतिशत नामांकन और ड्रॉपआउट बच्चों के चिन्हांकन के लिए हाउसहोल्ड सर्वे कराया जा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में शिक्षक विभिन्न गांवों में घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करके उन्हें बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
अभियान के तहत पुरुषोत्तमपुर, जीतपुर, दुल्हनडीह, चरनगहिया, मनकौरा, मझौली, मोहकमपुर, जरवा, महादेव शिवपुर, परसा पलईडीह, खमरिया, साथी, महुवा, पिपरा, नगई, विशुनपुरकला, जरवा बनगाई, गैंसड़ी, मोतीपुर और बिजुलिया सहित सभी ग्राम पंचायतों में सर्वे कार्य तेजी से चल रहा है। खंड शिक्षा अधिकारी शमशेर ने बताया कि शिक्षक अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं तथा पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। हाउसहोल्ड सर्वे के दौरान अब तक 327 ड्रॉपआउट बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। वहीं गैंसड़ी शिक्षा क्षेत्र के विद्यालयों में 6172 नए बच्चों का नामांकन भी कराया गया है।