बलरामपुर। जिले के 2281 स्कूलों में तैनात रसोइए मासिक पेंशन के हकदार बनेंगे। सरकार रसोइयों को हर माह तीन हजार रुपये मासिक पेंशन दिया देगी। 60 साल की उम्र पूरा करने के बाद रसोइयों को मासिक पेंशन देने की योजना तैयार की गई है।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत 18 से 40 साल की उम्र वाले रसाइयों का चयन किया जा रहा है। श्रम विभाग में पंजीकरण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक एमडीएम फिरोज अहमद खान ने बताया कि जिले के 2281 स्कूलों में 4871 रसोइयों की तैनाती है। 1575 प्राथमिक, 646 उच्च प्राथमिक, 19 माध्यमिक, 12 सहायता प्राप्त, 4 राजकीय तथा 25 मदरसों में सभी रसोइएं कार्यरत हैं।
जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों में तैनात बीईओ को 18 से 40 साल तक के सभी रसोइयों की सूची तैयार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी बीईओ को चयनित रसोइयों की सूची को श्रम विभाग में पंजीकरण कराना होगा।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत स्कूलों में मानदेय पर कार्यरत मध्याह्न भोजन बनाने वाले वे रसोइए जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष है उनका शत-प्रतिशत पंजीयन कराया जाएगा।
पंजीयन के लिए रसोइयों को आधार कार्ड, बैंक पासबुक व मोबाइल फोन लेकर केंद्र सरकार के जन सुविधा केंद्र पर जाना होगा। मोबाइल नंबर पर ओटीपी वेरीफिकेशन के बाद ही पंजीयन होगा।
योजना का लाभ श्रमिक की आय के आधार पर न्यूनतम 55 रुपये तथा अधिकतम 200 रुपये मासिक योगदान करना होगा। इतनी ही धनराशि केंद्र सरकार की तरफ से भी जमा की जाएगी।
पंजीकृत श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु पूरा करने के बाद भारतीय जीवन बीमा निगम की तरफ से तीन हजार रुपये मासिक पेंशन दिया जाएगा।
-केंद्र सरकार का रसोइयों को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन दिए जाने का निर्णय शानदार है। बातचीत के दौरान कई रसोइयों ने बताया कि 60 साल की उम्र के बाद मासिक पेंशन बुढ़ापे का अच्छा सहारा बनेगा।
भोजन बनाने की अवधि में हर माह से 55 से 200 रुपये तक बचत करके जमा करना आसान है। छोटी सी बचत करके बुढ़ापे वाले जीवन को सुखमय बनाया जा सकता है।
जिले के 2281 स्कूलों में तैनात रसोइयों के जिनकी उम्र 18 से 40 वर्ष है उनका पंजीकरण कराने के लिए जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ को निर्देश दिया गया है।
रसोइयों के पंजीकरण की प्रक्रिया अनिवार्य रुप से तत्काल पूरा कराएं। पंजीकरण कार्य जिले के सभी नौ ब्लॉकों के बीडीओ कार्यालय तथा नौ सीएचसी केंद्रों कैंप लगाकर पंजीकरण कराया जा रहा है। -हरिहर प्रसाद, बीएसए