फोटो-36-बलरामपुर के विकास भवन सभागार में काउंसलिंग कराते अभ्यर्थी ।-स्रोत : विभाग
बलरामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले के उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए मंगलवार से काउंसिलिंग शुरू हो गई। विकास भवन सभागार में पहले दिन प्रधानाचार्य, पीजीटी हिंदी शिक्षक और केयरटेकर के कुल नौ पदों के लिए अभिलेखों का सत्यापन कराया गया। 420 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 315 महिला अभ्यर्थियों ने अपने अभिलेखों का सत्यापन कराया।
श्रीदत्तगंज, उतरौला और रेहराबाजार स्थित उच्चीकृत केजीबीवी में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयोजित काउंसिलिंग में पहले दिन महिला अभ्यर्थियों में खासा उत्साह दिखा। सुबह 10 बजे शुरू हुई प्रक्रिया के लिए चार सत्यापन काउंटर बनाए गए थे। पहले काउंटर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी यशवंत मौर्य, दूसरे पर जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह, तीसरे पर पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी डॉ. राजीव यादव तथा चौथे पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव की निगरानी में अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन किया गया।
आज 371 अभ्यर्थियों के अभिलेखों का होगा सत्यापन
उच्चीकृत केजीबीवी में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए बुधवार को भी काउंसिलिंग होगी। विभिन्न विषयों के शिक्षकों सहित अन्य पदों के लिए 371 अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। इनमें पीजीटी गणित के 45, अंग्रेजी के 61, भौतिक विज्ञान के 25, जीव विज्ञान के 116, रसायन विज्ञान के 26, कंप्यूटर विज्ञान के 19, लिपिक/कार्यालय अधीक्षक के 45 तथा लैब सहायक के 34 अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा रसोइया, चपरासी और चौकीदार पदों के लिए क्रमशः 19, 23 और 34 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार भी लिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मेरिट के आधार पर चयन सूची तैयार की जाएगी। वहीं रसोइया, चपरासी और चौकीदार पदों पर चयन साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।