योग दिवस पर निकाली साइकिल रैली
बलरामपुर। समाजवादी पार्टी विकास के साथ पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने का हमेशा प्रयास करती है। पर्यावरण संतुलित होने से ही लोगों का जीवन सुरक्षित रहेगा।
ये बातें जंतु उद्यान व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पूर्व राज्य मंत्री डॉ. एसपी यादव ने कहीं। उन्होंने कैंप कार्यालय पर विश्व योग दिवस पर तन-मन व पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कैंप कार्यालय से वीर विनय चौराहा, चौक, मेजर चौराहा, अंबेडकर तिराहा व नगर कोतवाली होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से पुन: कैंप कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। कैंप कार्यालय पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर विश्व योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के तन-मन को शुद्ध रखने तथा पर्यावरण को दुरुस्त बनाए रखने की अपील की गई है। बारिश के दौरान भी सपाई साइकिल यात्रा में जुटे रहे। गोष्ठी व साइकिल यात्रा में सपा जिलाध्यक्ष ओंकार नाथ पटेल, महासचिव इकबाल जावेद, गुरदास सरोज, राकेश यादव आदि मौजूद रहे।