बलरामपुर। जिले में मोटे अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए खरीफ 2026 के तहत किसानों को निशुल्क बीज के 3080 मिनीकिट उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि विभाग ने इसके लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर इन मिनीकिट का लाभ ले सकेंगे।
उप कृषि निदेशक श्याम नारायण राम ने बताया कि जिले को ज्वार के 757, बाजरा के 1462, सांवा के 280, कोदो के 135 तथा रागी के 446 मिनी किट आवंटित किए गए हैं। किसानों का चयन ऑनलाइन बुकिंग के बाद ई लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसान अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र या राजकीय कृषि बीज भंडार पर पहुंचकर किसान पंजीकरण संख्या के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। योजना के तहत सभी विकास खंडों को लक्ष्य आवंटित किया गया है ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।