बलरामपुर। कौशल विकास मिशन की तरफ से बृहस्पतिवार को पचपेड़वा ब्लॉक में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। नौ निजी कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्टाल लगाकर युवाओं को कंपनी में रिक्त पदों के बारे में जानकारी दी। मेले में रोजगार पाने के लिए कुल 295 युवाओं ने पंजीकरण कराया। साक्षात्कार के बाद इनमें से 30 युवाओं को चयनित कर नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना तहत जिले में ब्लॉकवार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पचपेड़वा ब्लॉक में मेले का आयोजन हुआ। मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख मनोज तिवारी व खंड विकास अधिकारी धनन्जय कुमार ने किया। कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक पंकज सिंह ने बताया कि मेले में नौ निजी कंपनियों को बुलाया गया था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवाओं के अभिलेखों की जांच कर व साक्षात्कार के बाद विभिन्न पदों के लिए 216 युवाओं को चयनित किया। मौके पर मुख्य अतिथि ने 30 युवाओं को 13500 से 20000 रुपये प्रतिमाह वेतन की नौकरी का नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रधान ब्लॉक संघ अध्यक्ष अनुज मिश्र, रामकिशुन, प्रधान रमेश कुमार, जिला विकास प्रबंधक सत्यम कुमार शुक्ल, नंदलाल व रतन कुमार आदि मौजूद रहे।