बलरामपुर। मजिस्ट्रेटों की निगरानी में जिले में 26,82,665 पौधे रोपित किए जाएंगे। छायादार व फलदार पौधों को रोपित कराने के लिए जिले भर में 9 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
डीएम कृष्णा करुणेश ने तीन जोनल व 54 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पौधरोपण की निगरानी के लिए तैनात कर दिया है। सीडीओ अमनदीप डुली, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान सभी अफसरों को पौधरोपण की जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
सीडीओ व एडीएम ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेटों की यह जिम्मेदारी है कि अपने-अपने कार्य क्षेत्र में गड्ढा खोदान कर रोपण स्थल की जीओ टैगिंग कराएंगे। पौधशाला से ग्राम पंचायतों के पौधे पहुंचाएंगे और सत्यापन भी करेंगे।
9 अगस्त को सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की पौधरोपण की संकलित सूचना ग्राम पंचायत स्तर से बीडीओ को एक-एक घंटे पर उपलब्ध कराएंगे। सभी बीडीओ अपने-अपने विकास खंड की सूचना संकलित कर डीएफओ कार्यालय को भेजेंगे। जोनल मजिस्ट्रेट तहसील स्तर पर किसी भी आकस्मिक कठिनाई का तत्काल निकराकरण कराएंगे।
तहसील स्तर पर जोनल पौधरोपण समन्वयक के रुप में वन विभाग के रेंजर कार्य करेंगे जो पौधे की उपलब्धता एवं तकनीक आदि की जानकारी देंगे। डीएफओ रजनीकांत मित्तल ने कहा कि 26 विभागों की तरफ से पौधरोपण किया जाएगा। ग्राम, राजस्व पंचायती राज, वन, उद्यान, बेसिक, माध्यमिक व कृषि विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।