बलरामपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत 2,425 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। इस दौरान मृतकों के नाम और दोहरे नामों को सूची से हटाया जाएगा। सिस्टम में मिले 2.19 लाख डुप्लीकेट वोटरों का भी सत्यापन कराया जा रहा है, जो 29 सितंबर तक पूर्ण किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने ग्राम पंचायतवार डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई है। इसे संबंधित तहसीलों के एसडीएम को भेजा गया है। अब एसडीएम की निगरानी में बीएलओ घर-घर जाकर जांच कर रहे हैं। सेखुइया गांव के बीएलओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि डप्लीकेट नामों का मिलान किया जा रहा है। पिता का नाम और गांव के नाम से तय किया जा रहा है कि दूसरा नाम सही है या नहीं। इसकी रिपोर्ट के आधार पर नाम हटाया जाएगा।
खंभहुवा रविंद्र कुमार ने कहा कि अभी सत्यापन कर सहमति ली जा रही है। जल्द ही सत्यापन पूरा होगा, इसमें नए लोगों का नाम भी पता किया जा रहा है।
2.19 लाख वोटरों पर शक, 896 बूथ बनाए गए
जिले की 793 ग्राम पंचायतों में कुल 16,62,735 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 2,19,121 मतदाता सिस्टम में डुप्लीकेट के रूप में चिह्नित हुए हैं। इनकी जांच के लिए 896 मतदान बूथ बनाए गए हैं।
विकासखंडवार संभावित डुप्लीकेट वोटर
विकासखंड -
संख्या
बलरामपुर-
42,007
हरैया सतघरवा- 44,634
तुलसीपुर-
28,735
गैसड़ी - 25,386
पचपेड़वा - 20,132
उतरौला - 11,061
श्रीदत्तगंज - 13,608
रेहरा बाजार- 22,373
गैड़ास बुजुर्ग- 11,185
बीएलओ को सूची उपलब्ध कराई गई है। वे घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से होगी, जिससे पंचायत चुनाव निष्पक्ष और शुद्ध हो सकें। सत्यापन कार्य 29 सितंबर तक कराए जाएंगे।
विश्वास दीपक त्रिपाठी, तहसीलदार