बलरामपुर। छात्र-छात्राओं के शैक्षिक स्तर का आकलन करने के लिए 29 व 30 नवंबर को परिषदीय विद्यालयों में निपुण असेसमेंट टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। 1825 विद्यालयों में आयोजित होने वाले निपुण असेसमेंट टेस्ट (निपुण परीक्षा) में 2,21,000 विद्यार्थी भाग लेंगे।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के शिक्षा का स्तर जानने के लिए निपुण परीक्षा कराई जा रही है। जिले के 1551 परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से तीन तक के छात्रों की निपुण परीक्षा 29 नवंबर को होगी। 30 नवंबर को 387 कंपोजिट, 1164 प्राथमिक, 263 उच्च प्राथमिक एवं 11 केजीबीवी सहित 1825 विद्यालयों में कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि निपुण परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्लाॅक संसाधन केंद्रों से ओएमआर शीट व प्रश्नपत्र विद्यालयों में पहुंचा दिया गया है। ओएमआर शीट पर होने वाली परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों को कई बार अभ्यास भी कराया जा चुका है। परीक्षा को पारदर्शी व शुचिता पूर्ण ढंग से संपन्न कराने की रणनीति तैयार की गई है।
जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे निगरानी
डीएम पवन अग्रवाल ने निपुण परीक्षा की निगरानी के लिए जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय करीब 100 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। सभी अधिकारियों को आवंटित विद्यालयों में भ्रमणशील रहकर परीक्षा को नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया है।