बलरामपुर। भारत छोड़ो आंदोलन की 77वीं वर्षगांठ को पर्यावरण संरक्षण के रूप में शुक्रवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। वर्षगांठ के अवसर पर 22 लाख पौधे रोप हरियाली का संदेश दिया गया।
युवा कल्याण परिषद उपाध्यक्ष व राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त डॉ. विभ्राट चंद्र कौशिक, नोडल अफसर व प्रबंध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम संजय गोयल और डीएम कृष्णा करुणेश ने पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। जिले के सभी 9 ब्लॉकों तथा चारों नगर निकायों में भी पौधरोपण किया गया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की तरफ से सदर ब्लॉक के शंकरपुर गांव में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष व राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. विभ्राट चंद्र कौशिक ने कहा कि पेड़-पौधे भू-मंडल में व्याप्त सभी लोगों के जीवन की रक्षा करते हैं।
हरैया सतघरवा ब्लॉक के बेलभरिया गांव में वृहद पौधरोपण किया गया। डीएम पौधरोपण के नोडल अफसर के साथ-साथ सीडीओ अमनदीप डुली, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, मुख्य अभियंत बिजली एसके सक्सेना आदि ने पांच हजार पौधे रोपित कराएं।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष किताबुन्निशा, प्रतिनिधि शाबान अली, ईओ राकेश कुमार जायसवाल, सभासद संजय मिश्र, विनोद गिरि आदि ने नगर क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण को दुरुस्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
जिले के सभी माध्यमिक स्कूलों व इंटर कॉलेजों में डीआईओएस एमके कन्नौजिया, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में बीएसए हरिहर प्रसाद की निगरानी में बृहद पौधरोपण कराकर 77वीं वर्षगांठ को सफल बनाने का प्रयास किया गया। डीएम ने बताया कि वन ग्राम्य, पंचायती राज, राजस्व, कृषि, माध्यमिक व बेसिक शिक्षा तथा उद्यान विभाग की तरफ से जिले भर में 21,99,258 पौधे रोपित कराए गए हैं। भांभर व रामपुर रेंज में डीडीसी मिथिलेश कुमार सिंह व गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू के प्रतिनिधि दयाराम प्रजापति, के नेतृत्व में दिन भर पौधरोपण का कार्यक्रम किया गया। 7700 पौधे रामपुर और 15,400 पौधे भांभर रेंज में रोपित कराए गए।