सौ-सौ रुपये घूस लेते लेखपाल का वीडियो वायरल
बलरामपुर। सदर ब्लॉक की पड़री ग्राम पंचायत के चक्कवा मजरे में लेखपाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत किसानों का पंजीकरण करने के नाम पर 100-100 रुपये की वसूली की। वसूली का यह वीडियो वायरल हुआ है। डीएम के निर्देश पर सदर एसडीएम ने लेखपाल को तत्काल सस्पेंड कर दिया है।
रविवार को चक्कवा निवासी किसान रामदुलारे ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के तहत रविवार को गांव में आए लेखपाल भोलानाथ उपाध्याय ने सभी किसानों से खतौनी के साथ 100-100 रुपये की वसूली की।
जो लोग पैसा नहीं दे रहे थे उनका कागज फेंक दिया। राम दुलारे ने बताया कि उसने दुकानदार से 100 रुपये कर्ज लेकर लेखपाल को दिया है।
पड़री निवासी किसान रामअचल ने बताया कि रविवार को गांव के लेखपाल भोलानाथ उपाध्याय चक्कवा में किसान सम्मान योजना के तहत हर किसानों की खतौनी ले रहे थे।
इसके साथ ही किसानों से 100 रुपया भी लिया जा रहा था। जो लोग पैसा नहीं दे रहे थे उन्हें अगले दिन पैसा लेकर आने के लिए कहा जा रहा था। यही नहीं लेखपाल का किसानों से पैसा लेता हुआ वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।
इस संबंध में जब लेखपाल का पक्ष लिया गया तो उन्होंने बताया कि उन्होंने कोई घूस नहीं लिया है। यह वीडियो झूठा व फर्जी है।
- पड़री ग्राम पंचायत में किसानों से घूस लेने वाले लेखपाल भोलनाथ उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। भविष्य में यदि किसी लेखपाल ने रिश्वत लेने की कोशिश की तो उसे बर्खास्त किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
-कृष्णा करुणेश, डीएम बलरामपुर