मतदान कार्मिकों को भरना होगा ड्यूटी का ऑनलाइन ब्योरा
बलरामपुर। निर्वाचन आयोग ने जिले के सभी मतदान कार्मिकों को ड्यूटी का ऑनलाइन ब्योरा भरने का फरमान जारी किया है। आयोग ने 20 फरवरी तक हर हाल में ब्योरा भरने का काम पूरा करने का निर्देश दिया है।
केंद्र व प्रदेश सरकार के अधीन कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रारुप-2 तथा बैंकर्स को प्रारुप-3 ऑनलाइन भरना अनिवार्य होगा। समय से ब्योरा ऑनलाइन फीड न कराने वाले कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
यह बातें एडीएम न्यायिक महेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के नोडल, विभागाध्यक्षों तथा कंप्यूटर आपरेटरों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुए कही।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीपांकर श्रीवास्तव ने कहा कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 में जिले के सभी विभागों के अफसरों व कर्मियों को आयोग ने ड्यूटी करने की जिम्मेदारी दी है।
आयोग ने सभी विभागों के नोडल, विभागाध्यक्षों तथा कंप्यूटर ऑपरेटरों का डाटा 20 फरवरी तक ऑनलाइन फीड कराने का निर्देश दिया है।