तेंदुए तो कहीं सियारों ने मचाया कोहराम
गोंडा/बलरामपुर। गोंडा और बलरामपुर में सोमवार रात तेंदुए और सियारों ने कोहराम मचा दिया। बलरामपुर के मनसूरवा गांव में रात के समय घुसे तेंदुए ने पालतू कुत्ते को अपना निवाला बनाया।
घर में बंधे एक मवेशी का गला काटकर घायल कर दिया। वहीं गोंडा के करनैलगंज क्षेत्र में पानी की तलाश में गांव में घुसे सियारों के झुंड ने डेढ़ दर्जन लोगों को नोच कर घायल कर दिया।
बलरामपुर के बरहवा रेंज के मनसूरवा निवासी सत्यदेव ओझा, रामदेव, गंगा प्रसाद, राज कुमार, छोटकऊ मौर्य व धर्मराज आदि ने मंगलवार को बताया कि रात के समय गांव में अचानक तेंदुए आ धमका।
तेंदुआ काफी देर तक गांव में लोगों के घरों में उछल-कूद मचाता रहा। अंधेरा होने के चलते ग्रामीणों को तेंदुए को समझने में काफी देर लगी तब तक तेंदुए ने एक के एक पालतू कुत्ते को मारकर अपना निवाला बना लिया।
घर में बंधे धर्मराज के बछड़े का तेंदुए ने गला काटकर घायल कर दिया। तेंदुए के उत्पात को देखते हुए ग्रामीणों ने एकजुट होकर टार्च की रोशनी में तेंदुए को भगाने का प्रयास किया।
घंटों कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ा। तेंदुए के धमक से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। टोली में ग्रामीण रात में जागकर गांव की रखवाली कर रहे है।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना बरहवा रेंज के रेंजर को दी। रेंजर तिलकराम आर्य ने टीम गठित कर मौके पर भेजा। रेंजर ने बताया कि गठित टीम को पदचिह्न व अन्य साक्ष्य जुटाने का निर्देश दिया गया है।
पदचिह्नों के आधार पर तय किया जाएगा कि गांव में आने वाला कौन सा जानवर है। रेंजर ने जंगल के आसपास बसे ग्रामीणों से जंगली जानवरों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
रात में सोते समय किया हमला
करनैलगंज(गोंडा)। क्षेत्र में पागल सियारों का आतंक फैल गया है। पानी की तलाश में गांव में घुसे सियारों के झुंड ने घर के बाहर सो रहे दो ग्राम पंचायतों के डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को सियार ने काटकर घायल कर दिया। मामला ग्राम पूरे अंगद व पूरे अजब से जुड़ा है।
सोमवार की रात यहां के निवासी खाना खाकर सो रहे थे। रात करीब 2 बजे दोनों ग्राम पंचायतों में सियारों का झुंड पहुंच गया और दरवाजे पर सो रहे लोगों को निशाना बनाया। सियारों ने एक एक करके डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया।
जिसमें फूलचंद, दाने, राम धीरज, नेहा, राम बहादुर, गुरुसरन, रक्षाराम, लल्लू, शिवशंकर, सूरसता, रजनी निवासी ग्राम पूरे अजब सामिल है। वहीं ग्राम पूरे अंगद के शिवबहादुर, रक्षाराम, पराग, पुत्तू, रामावती एवं राम समुझ घायल हैं।
यही नहीं ग्राम अल्लीपुर गोकुला निवासी राम कुमार अपनी रिस्तेदारी में ग्राम पूरे अंगद गए थे। वह भी सियारों के आतंक का शिकार बन गए। सभी लोगों को सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सक ने रैबीज इंजेक्शन लगाने के साथ ही घायलों का इलाज किया।