पुलिस की पिटाई से अधेड़ की हालत बिगड़ी, रेफर
बलरामपुर। उतरौला कोतवाली में रविवार को जमीन के विवाद में कोतवाली बुलाए गए अधेड़ की हालत पुलिस की पिटाई के बाद बिगड़ गई। अधेड़ को इलाज के लिए निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
हालत गंभीर होने पर उसे गोंडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि अधेड़ की तबियत पूछताछ के बाद बिगड़ी है। पिटाई का आरोप झूठा है।
मिली जानकारी के मुताबिक उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कपौवा शेरपुर निवासी सिराजुल रविवार को अपने निर्माणाधीन मकान के छत के लिए शटरिंग का काम करवा रहे थे। बगल में समीउल्लाह की जमीन थी।
अपनी जमीन में शटरिंग का खंभा लगाने का विरोध समीउल्ला ने किया। मामले की शिकायत पर पहुंची पुलिस शटरिंग का काम कर रहे राजगीर को थाने ले आई और दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया। थाने पर तहरीर लेकर पहुंचे सिराजुल का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रबर के पट्टे से पीटा है।
वहीं समीउल्लाह का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से उनकी तबियत बिगड़ गई। समीउल्लाह कोतवाली में ही बेहोश हो गए। पुलिस उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गई।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने समीउल्लाह को गोंडा रेफर कर दिया। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि समीउल्लाह की तबियत पूछताछ के दौरान बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पिटाई का आरोप झूठा है।