------बॉटम लगाएं-----
स्वास्थ्य सेतु कैंप में होगा मुफ्त इलाज
- तीन से 31 अगस्त पांच ब्लॉकों के पिछड़े इलाकों में लगाए जाएंगे कैंप
-चिकित्सकों की टीमें जांच के बाद मरीजों को देंगी मुफ्त दवाएं
बलरामपुर। स्वास्थ्य सेतु कैंपों में लोगों की बीमारियों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा। पांच ब्लॉकों के पिछड़े इलाकों में स्वास्थ्य कैंप लगवाए जाएंगे। चिकित्सकों की टीमें जांच के बाद मरीजों को मुफ्त दवाएं देंगी। तीन से 31 अगस्त के मध्य विभिन्न तिथियों में कैंप लगाने का निर्देश दिया गया है।
सीएमओ डा. घनश्याम सिंह ने सोमवार को बताया कि शासन ने जिले के दूरस्थ व पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया है। शासन के निर्देश पर सदर, रेहरा बाजार, गैड़ास बुजुर्ग, उतरौला व श्रीदत्तगंज के सीएचसी व पीएचसी से जुड़े गांवों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य सेतु कैंपों का आयोजन किया जाएगा। सदर ब्लॉक के टेंगनहिया मानकोट गांव में 3 अगस्त को, रेहरा बाजार ब्लॉक के नटडेरा सरायखास गांव में 10 अगस्त को, गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के रसूलाबाद गांव में 17 अगस्त को, उतरौला ब्लॉक के महुआधनी गांव में 24 अगस्त को तथा श्रीदत्तगंज ब्लॉक के गुमड़ी गांव में 31 अगस्त को कैंपों का आयोजन किया जाएगा।
नेत्र चिकित्सक डा. कमलेश चंद्रा, डा. रेनू सिंह, डा. एनके बाजपेई, बाल रोग विशेषज्ञ डा. नितिन चौधरी व डा. एसडी ओझा, डा. आरके महतो, डा. कनक सिंह, डा. पीके सिंह, डा. राजेश सिंह, डा. रमेश पांडेय, डा. सकीना युसुफ व डा. एनके बाजपेई आदि चिकित्सक इन कैंपों में मरीजों की जांचकर मुफ्त दवाएं वितरित करेंगे। सभी चिकित्सकों से कैंपों की रिपोर्ट मांगी गई है। लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।