स्कूली छात्राओं को छेड़ने वाले जाएंगेे जेल
-एण्टी रोमियो टीम ने कॉलेज में लगाई शिकायत पेटिका
अमर उजाला ब्यूरो
हरैया सतघरवा-बलरामपुर। स्कूली छात्राओं से छींटाकशी व छेड़खानी करने वाले मनचलों की अब खैर नहीं। पुलिस की एण्टी रोमियो टीम ने गर्ल्स कॉलेज में शिकायत पेटिका लगाई है। इस पेटिका में मिलने वाली शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
यह बातें मंगलवार को कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष हरैया गंगेश शुक्ला ने कही। उन्होंने कहा कि छात्राएं अब बेखौफ होकर कॉलेज आएं। यदि कोई भी मनचला उनके साथ छींटाकशी व छेड़खानी करता है तो उसकी शिकायत लिखकर शिकायत पेटिका में डालें। आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा विद्यालय में शिकायत पेटिका लगवाई। प्रधानाचार्य सुमन यादव ने भी छात्राओं को हर तरह की मदद का भरोसा दिया। विद्यार्थियों को यातायात के नियम व देशभक्ति का भी संकल्प दिलाया गया। वहीं गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के मझौली कन्या इंटर कॉलेज में तुलसीपुर सीओ डीएन तिवारी ने शिकायत पेटिका लगवाकर छात्राओं को सुरक्षा व सम्मान के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहाकि छात्राएं छींटाकशी व छेड़खानी करने वालों की सूचना तुरंत एण्टी रोमियो दल व पुलिस को दें। इस अवसर पर कोतवाल विशाल श्रीवास्तव, केके यादव, ममता, वंदना व संतोष सहित तमाम लोग मौजूद रहे।