दो स्थानों पर चोरों ने पांच घरों से उड़ाया लाखों का माल
- पूरे जिले में ताबड़तोड़ हो रही है चोरी की घटनाएं
- पुलिस केवल छानबीन का बना रही बहाना, पीड़ित परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
तुलसीपुर नगर-ललिया-बलरामपुर। जिले में ताबड़तोड़ हो रही चोरियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है। सोमवार रात चोरों ने दो थाना क्षेत्रों के पांच घरों से लाखों का माल पार कर दिया है। पुलिस केवल छानबीन तक ही सीमित है। चोरी की बढ़ रही घटनाओं से लोगों में दहशत है।
तुलसीपुर थाना क्षेत्र के सड़वा गुलरिहा गांव निवासी विजयपाल जायसवाल ने बताया कि सोमवार रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखा करीब एक लाख रुपये का जेवर, 15 हजार नकदी, सोलर बैट्री तथा बर्तन व कपड़ा सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया। पीड़ित ने मामले की तहरीर थाने में दी है।
तुलसीपुर नगर में ही गत रविवार रात चोरों ने दो दुकानों के ताले काट डाले। रामदेव चौरसिया की दुकान के अंदर से लॉक होने के चलते चोर सफल नहीं हो सके। मनोज अग्रवाल के गोदाम का ताला काटकर चोर गल्ले में रखा 80 हजार रुपया उठा ले गए। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि मामलों की छानबीन की जा रही है। ललिया थाना क्षेत्र के पठानपुरवा गांव में गत सोमवार रात चोरों ने चार घरों से चोरी की। श्रीकांत शुक्ला के घर से चोर 10 हजार नकदी व डेढ़ लाख जेवर व अन्य सामान उठा ले गए। पड़ोसी पप्पू के घर से भी चोर 23 हजार नकदी व एक लाख का जेवर पार कर दिया। इसी गांव में चोरों ने डाक्टर रब्ब व मन्नू के घरों में भी चोरी की। गांव में चार घरों में एक ही रात हुई चोरी से ग्रामीण दहशत में हैं। थानाध्यक्ष एसके शर्मा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी ही नहीं है। तहरीर मिलने पर मामलों की छानबीन की जाएगी।