बलरामपुर। जिले की 21 ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों ने कारण बताओ नोटिस जारी होने के बावजूद अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया है। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अशोक कुमार ने संबंधित सहायक विकास अधिकारियों को दो दिन के भीतर सभी पंचायत सहायकों का स्पष्टीकरण कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराने पर संबंधित पंचायत सहायकों के साथ ग्राम पंचायत सचिवों का अक्टूबर माह का मानदेय भी आहरित नहीं किया जाएगा।
डीपीआरओ ने बताया कि गत 13 अक्टूबर को पोर्टल पर पंचायत सहायकों की ऑनलाइन उपस्थिति की जांच की गई थी। जांच में सामने आया कि 24 ग्राम पंचायतों के पंचायत सहायकों ने 90 दिनों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की थी। इसके साथ ही वे ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाएं भी नहीं दे रहे थे। इस पर संबंधित पंचायत सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 अक्टूबर तक स्पष्टीकरण मांगा गया था। इनमें से तीन पंचायत सहायकों ने जवाब दिया, जबकि 21 ने निर्धारित समय तक स्पष्टीकरण नहीं दिया।
स्पष्टीकरण नहीं देने वालों में बलरामपुर ब्लॉक की इमलिया ग्राम पंचायत के विजय जायसवाल गैसड़ी ब्लॉक की चौबेपुर ग्राम पंचायत की अनुपमा सिंह हरैया सतघरवा ब्लॉक की जीतपुर ग्राम पंचायत की शालिनी तिवारी, हथिगर्दा ग्राम पंचायत की किरण देवी, कोदरी ग्राम पंचायत की पूनम देवी और उदयपुर गनवरिया ग्राम पंचायत की संबंधित पंचायत सहायक शामिल हैं।
पचपेड़वा ब्लॉक की बेमिहा ग्राम पंचायत की मालती गुप्ता, भूषर पुरई की लक्ष्मी, बिशुनपुर टनटनवा की सना खातून, कल्याणपुर बरगदवा के अताउल्लाह, मल्दा के बिलाल अहमद, नावडीह की तारिकुन्निशा, नरायनपुर जुड़वनिया की प्रियंका चौधरी और थुधवलिया के यशराज सिंह ने भी स्पष्टीकरण नहीं दिया है। इसी ब्लॉक की भेलया मदनपुर ग्राम पंचायत की माधुरी प्रजापति, भीरवा की नेहा तिवारी और देवरिया इनायत ग्राम पंचायत के फिरोज भी जवाब नहीं देने वालों में शामिल हैं।
इसके अलावा श्रीदत्तगंज ब्लॉक की बभनपुरवा ग्राम पंचायत के रविंद्र कुमार यादव और चमरूपुर ग्राम पंचायत की ज्योति कौशल ने भी स्पष्टीकरण नहीं दिया है। उतरौला ब्लॉक की महमूदाबाद ग्रिंट ग्राम पंचायत के पंचायत सहायक ने भी जवाब नहीं दिया है।